देश मंथन डेस्क :
कांग्रेस की डिजिटल टीम ने चुनाव प्रचार के लिए अब ईमेल का सहारा लिया है, हालाँकि बड़ी संख्या में लोगों को यह ईमेल उनके स्पैम फोल्डर में दिख रहा है।
यह ईमेल कांग्रेस के अपने डोमेन से नहीं, बल्कि बेस्टशॉपर्स जैसी साइटों के माध्यम से भेजा जा रहा है। ईमेल के अंत में डिजिटल टीम, इंडियन नेशनल कांग्रेस लिखा है, लेकिन डोमेन खुद कांग्रेस का नहीं होने के कारण यह ईमेल आधिकारिक है या नहीं, इस पर प्रश्न-चिह्न लगता है। मगर इतना जरूर है कि इस ईमेल में कांग्रेस के पक्ष में तथ्यों के सहारे यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि बीते 10 सालों में देश में अच्छी प्रगति हुई है।
इस ईमेल में लिखा है, “विपक्ष का आरोप है कि कांग्रेस ने भारत को बर्बाद कर दिया है। हम कुछ सरल तथ्यों को आपके सामने रखना चाहते हैं।” आगे इसमें भारत की मौजूदा स्थिति के बारे में इन तथ्यों को गिनाया गया है :
1. भारत आईटी और आईटी इनेबल्ड सेवाओं में सबसे आगे है।
2. यह कपास का सबसे बड़ा उत्पादक है।
3. विश्व में सबसे ज्यादा सिंचित भूमि भारत में है।
4. भारत विश्व में सबसे बड़ा दुग्ध-उत्पादक देश है, भारत में दुग्ध-उत्पादन में गुजरात का स्थान पाँचवाँ है।
5. भारत सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थों में दूसरे स्थान पर है।
6. मोबाइल फोन की संख्या में यह विश्व में दूसरे स्थान पर है।
7. दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क भारत में है, जो चीन से भी बड़ा है।
8. यह गेहूँ और चावल का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है।
9. यह सीमेंट का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है।
10. यह चाय का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है।
11. यह फलों और सब्जियों का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है।
12. यह कोयले का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक है।
13. यह बिजली का चौथा सबसे बड़ा उत्पादक है।
14. यह इस्पात का चौथा सबसे बड़ा उत्पादक है।
15. यह लौह-अयस्क का चौथा सबसे बड़ा उत्पादक है।
इसमें कहा गया है, “वे कहते हैं कि हमने बीते 10 वर्षों में कुछ नहीं किया। हम एक छोटी सूची सामने रख रहे हैं, जिससे साफ होता है कि बीते 10 वर्षों में भारत किस तरह आगे बढ़ा है।” आगे इसमें यूपीए सरकार की सफलताओं के तौर पर ये सब बातें गिनायी गयी हैं –
1. 14 करोड़ भारतीयों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। एक नया मध्य-वर्ग तैयार हुआ है, जो भविष्य में भारत की आर्थिक प्रगति को शक्ति देगा।
2. भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार बीते 10 वर्षों में बढ़ कर तिगुना हो गया है, जिसका मतलब हर भारतीय को नये अवसर मिलना है।
3. बिजली उत्पादन क्षमता दोगुनी हो गयी है।
4. छोटे व्यवसायों और उद्यमियों को 4.70 लाख करोड़ रुपये के ऋण दिये गये हैं।
5. एनडीए की तुलना में सात गुना सड़कें बनायी गयी हैं और 17,394 किलोमीटर का वैश्विक मानकों का राष्ट्रीय राजमार्ग बनाया गया है।
6. मोबाइल फोन ग्राहकों की संख्या 2004 के 3.36 करोड़ से बढ़ कर अब 95 करोड़ हो गयी है।
7. रक्षा खर्च में तिगुनी वृद्धि की गयी है।
8. दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरु, हैदराबाद और अन्य शहरों में विश्व-स्तरीय हवाईअड्डे बनाये गये हैं। हवाई यात्रियों की संख्या लगभग तिगुनी बढ़ी है।
9. दिल्ली, मुंबई, जयपुर समेत देश के लगभग सभी बड़े शहरों में मेट्रो रेल की शुरुआत हुई है।
10. पोलिओ मुक्त भारत। एनआरएचएम के जरिये बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ।
11. हमने बीते 10 सालों में 9 आईआईटी बनाये। पिछली एनडीए सरकार ने केवल रुड़की इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम बदल कर आईआईटी कर दिया।
12. बीते 10 सालों में यूपीए ने शिलॉन्ग, रोहतक, राँची, रायपुर, तिरुचिरापल्ली, उदयपुर और काशीपुर में 7 आईआईएम बनाये। भारत में कांग्रेस के अलावा किसी दल ने आईआईएम नहीं बनवाये।
13. भारत का पहला मानव-रहित अंतरिक्षयान – चंद्रयान अक्टूबर 2008 में चाँद पर भेजा गया। मंगलयान को 5 नवंबर 2013 को प्रेषित किया गया और यह इस साल सितंबर में मंगल पर पहुँचेगा।
14. शिक्षा बजट में आठ गुना वृद्धि की गयी। शिक्षा का अधिकार दे कर भारत में हर बच्चे तक शिक्षा को पहुँचाने का काम किया गया।
15. मनरेगा, भोजन का अधिकार और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कि विकास का लाभ हर भारतीय तक पहुँचे।
इस ईमेल में आगे कांग्रेस के घोषणा-पत्र और भविष्य के एजेंडा के लिए कांग्रेस की वेबसाइट के लिंक दिये गये हैं। पिछले दिनों चुनावी अभियान गर्माने के बाद फिर से सांप्रदायिकता और गुजरात के दंगे राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गये। लेकिन विकास के मुद्दों पर नरेंद्र मोदी की छवि के मद्देनजर कांग्रेस ने इस मोर्चे पर भी डटने का प्रयास किया है।
(देश मंथन, 17 अप्रैल 2014)