मरने वाली लड़की ही क्यों?

0
233

संजय कुमार सिंह, संस्थापक, अनुवाद कम्युनिकेशन :

इसका जो कारण मुझे समझ में आता है वह यही है कि अपने यहाँ लड़कियों को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाने की अवधारणा ही नहीं है। लड़कियाँ आम तौर पर पिता के करीब होती हैं और पिता से जिन विषयों पर बात होती है उसकी सीमा है। ऐसे में जब वे फँसती हैं तो उनकी परेशानी शेयर करने वाला कोई नहीं होता। खासतौर से जब मामला ब्वायफ्रेंड का हो।

माँ ऐसे मामलों में उतनी ही कमजोर होती है जितनी खुद लड़की। मैं तो कहूँगा कि लड़की मजबूत भी हो तो माँ उसे कमजोर कर दे। दूसरी ओर, लड़के प्राकृतिक तौर पर भावनात्मक रूप से मजबूत होते हैं। मित्रों से समस्याएँ आराम से साझा कर लेते हैं जबकि लड़कियाँ बातें चाहें जितनी करें समस्याएँ साझा नहीं करतीं। लड़कियों को मजबूत बनाया जाना चाहिए ताकि वे भावनात्मक संकट झेल सकें। और यह काम पिताओं का ही है। 

लड़किया कमजोर होती हैं, जल्दी टूट जाती हैं या उन्हें मार देना अपेक्षाकृत आसान होता है। माँ-बाप मुद्दा नहीं बनाता कि हमारी बदनामी होगी। जिस दिन लड़की का पिता कहेगा कि हाँ, मेरी बेटी उसके साथ बिना ब्याहे रहती थी। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वो हमारी बेटी की हत्या कर दे या आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दे – उस दिन सब कुछ बदल जाएगा। और वो दिन दूर नहीं है। पहले तो आत्महत्या के मामले उतने नहीं हैं जितने लिव इन रिलेशनशिप के हैं। लड़कियाँ अगर लिव इन में रहती है तो इसके कारण हैं। हम उन कारणों पर न जा कर सिर्फ लड़कियों से अपेक्षा करें कि वे ऐसा न करें और लड़कियों की उन जरूरतों को पूरी करने वाले पुरुषों को चरित्रहीन करार दें – तो समस्या हल नहीं होने वाली है। आखिर हर बार लड़की ही आत्महत्या क्यों करती है? क्यों नहीं कोई लड़की कहती है कि इसने शादी करने का झाँसा देकर मेरे साथ अमुक मनमानी की और अब चाहता है कि मैं आत्महत्या कर लूँ। 

दरअसल समाज में यौन संबंध बनाना लड़की के लिए ही बुरा माना जाता है और इस कथित शर्म को झेलने की हिम्मत लड़कियों में भी नहीं होती है। इसीलिए वे आत्महत्या करने को मजबूर होती हैं। अपवाद छोड़ दें तो क्या लिव इन में रह चुकी लड़की के आशिक की मौत के बाद कोई लड़की से शादी कर लेगा और लड़के का कुछ बिगड़ेगा? यहाँ मैं यह भी कहूँ कि लिव इन में रहना, यौन संबंध बनाना और गर्भवती हो जाना अलग-अलग चीजें हैं। यौन संबंध बनाने के बाद भी गर्भ न रहे इसके ढेरों उपाय हैं फिर भी अगर लड़की गर्भवती हो गयी और नहीं चाहती थी तो वह अकेले दोषी है। यौन संबंध बनाना तो सोचा समझा निर्णय हो सकता है पर इससे गर्भ धारण का खतरा है और उससे बचने के उपाय करना मुख्य रूप से लड़की की ही जिम्मेदारी है (अगर वह गर्भवती नहीं होना चाहती है)। 

पढ़ी-लिखी अच्छा कमाने वाली लड़की अगर आत्महत्या कर लेती है तो कारण यही समझ में आता है कि लड़कियाँ कमजोर होती हैं, बेटी विवाह पूर्व गर्भवती हो जाए तो शर्मिन्दा होते हैं कहते हैं कि मर क्यों नहीं गयी जो ये दिन देखने पड़े, बेटे पर बलात्कार का आरोप लगे तो उसे बचाने की पूरी कोशिश करते हैं। इसलिए लड़के आत्महत्या नहीं करते लड़कियाँ कर लेती हैं। 

सेक्स बंद कमरे में किया जाता है और निहायत ही निजी मामला है। ऐसे मे समलैंगिकता को कानून बना कर नहीं रोका जा सका। यही स्थिति वेश्यावृत्ति के मामले में है। अगर वेश्यावृत्ति को जायज बनाने की माँग हो सकती है तो सेक्स इतना हौव्वा क्यों है। अवैध ढंग से वेश्यावृत्ति जारी रहने से महिलाएँ परेशान हैं और पुरुषों का काम चल रहा है। हमारे यहाँ औरतों के बारे में ना सोचा जाता है और ना ऐसे विषयों पर बात होती है। इसलिए ऐसे ही चलता रहेगा और महिलाएँ पिसती रहेंगी, जबकि वेश्यावृत्ति को कानूनी जामा पहना देने से इस तरह की समस्या दूर हो सकती है। हालाँकि यह अलग मुद्दा है। 

(देश मंथन, 07 अप्रैल 2016)

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें