एक चार मीनार और रंग हजार

0
281

विद्युत प्रकाश मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार : 

हैदराबाद शहर की पहचान चार मीनार से है। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद का सबसे प्रसिद्ध और महत्वपूर्ण स्मारक है चार मीनार। 400 साल से ज्यादा हो गये, चार मीनार शान से खड़ा है। चार मीनार  को मुहम्मद कुली कुतुब शाह ने बनवाया था। सुल्तान मुहम्मद कुली कुतुब शाह, कुतुब शाही राजवंश का पाँचवाँ शासक था। इसका निर्माण 1591 ई में हुआ। 

अल्लाह को धन्यवाद 

कहा जाता है कि एक बार हैदराबाद शहर में प्लेग जैसी जानलेवा बीमारी फैल गयी। इसमें काफी लोगों की मौत हुई। तब कुली कुतुब शाह प्रार्थना की थी कि हे अल्लाह, इस शहर की शान्ति और समृद्धि के प्रदान सभी जातियों के लोगों का कल्याण करो। शाह की अल्लाह ने सुन ली। इसके बाद उन्हें धन्यवाद देने के लिए चारमीनार का निर्माण शहर के बीचोंबीच कराया गया।

इसमें कुल चार अलंकृत मीनारें इसलिए इसका नाम चार मीनार है। यह स्मादरक ग्रेनाइट के मनमोहक चौकोर खम्भोंल से बना है, जो उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम दिशाओं में स्थित चार विशाल आर्च पर निर्मित किया गया है। यह आर्च कमरों के दो तलों और आर्चवे की गैलरी को सहारा देते हैं। चौकोर संरचना के प्रत्येेक कोने पर एक छोटी मीनार है जो 24 मीटर ऊंची है। चार मीनार की कुल ऊँचाई 54 मीटर है। चार मीनार की मूसी नदी के पूर्वी तट पर बना है। हालाँकि अब मूसी नदी अपने अस्तित्व को खोती जा रही है।

चार मीनार पर चढ़ने के लिए अन्दर से सीढ़ियाँ बनी हुई हैं। इन घुमावदार सीढ़ियों से आप इसकी मुंडेर पर जा सकते हैं। पुरातत्व विभाग इसके लिए 5 रुपये का टिकट लेता है। चार मीनार की मुंडेर मक्का मस्जिद का सुन्दर नजारा दिखायी देता है, साथ ही इसके चारों ओर हैदराबाद शहर के बाजारों का नजारा दिखायी देता है। इसके मेहराब में हर शाम रोशनी की जाती है जो एक अविस्मकरणीय दृश्या बन जाता है।

चार मीनार सड़क के बीचोंबीच स्थित है। इसके चारों तरफ चार रास्ते शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाते हैं। चार मीनार के आसपास के बाजार में आपको हैदराबाद शहर का परंपरागत नजारा दिखायी देता है। बुरके में खरीदारी करती महिलाएँ। स्ट्रीट फूड का मजा लेते लोग। आदि आदि…

अपने सुनहरे दिनों में, चार मीनार के आसपास 14 हजार दुकानें थी। आज चार मीनार के आसपास शहर का प्रसिद्ध लाह की चूड़ियों का बाजार और मोतियों का बाजार पथरगट्टी मौजूद है। इन बाजारों पर्यटक आभूषण की खरीदारी करने आते हैं। वहीं स्थानीय लोगों भी खूब खरीदारी करने आते हैं।

सुरंग की कहानी 

ऐसा कहा जाता है कि कभी ऐतिहासिक गोलकुंडा किला और चार मीनार के बीच 15 फुट चौड़ी और 30 फुट ऊंची एक भूमिगत सुरंग थी। इस सुरंग को सुल्तान मोहम्मद कुली कुतुब शाह ने बनवाया था। माना जाता है कि इस सुरंग में शाही परिवार ने अपना शाही खजाना छुपाया था। हैदराबाद की गलियों में ये किस्सा मशहूर की ये खजाना आज भी सुरंग में मौजूद है। 1936 में निजाम मीर ओसमान अली ने एक सर्वे कराया था और साथ ही नक्शा भी बनवाया था। हालाँकि उस दौरान यहाँ खुदाई नहीं कराई गयी थी।

कैसे पहुँचे 

नामपल्ली (हैदराबाद रेलवे स्टेशन ) से चार मीनार की दूरी 7 किलोमीटर है। हैदराबाद के एमजी बस स्टैंड से इसकी दूरी पाँच किलोमीटर है। भारतीय नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क 5 रुपये हैं। विदेशी नागरिकों के लिए यह शुल्क 100 रुपये है। यह सुबह 9.30 से शाम 5.30 तक खुला रहता है।

(देश मंथन, 18 सितंबर 2015)

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें