963 झरोखों वाला गुलाबी नगरी का हवा महल

0
443

विद्युत प्रकाश मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार : 

गुलाबी शहर जयपुर में स्थित हवा महल राधा और कृष्ण को समर्पित है। यह महल जयपुर शहर की पहचान है। यह एक राजसी-महल है। सन 1798 में बना ये महल किसी राजमुकुट सा दिखायी देता है। हवा महल की पाँच-मन्जिला इमारत ऊपर से महज डेढ़ फीट चौड़ी है। यह बाहर से देखने पर हवा महल किसी मधुमक्खी के छत्ते के समान दिखायी देती है।

हवा महल में 963 बेहद खूबसूरत छोटे-छोटे जालीदार झरोखे हैं। इन झरोखों को जालीदार बनाने के पीछे मूल भावना यह थी कि बिना बाहरी लोगों की निगाह पड़े राजमहल का महिलाएँ इन झरोखों से महल के नीचे सड़कों के समारोह और गलियारों में होने वाली रोजमर्रा की जिन्दगी की गतिविधियों का नजारा कर सकें।

इसके अलावा “वेंचुरी प्रभाव” के कारण इन जटिल संरचना वाले जालीदार झरोखों से हमेशा ठंडी हवा, महल के भीतर आती रहती है। इस कारण से तेज गर्मी में भी महल हमेशा वातानुकूलित सा ही रहता है। हवा महल महाराजा जय सिंह का विश्राम करने का पसंदीदा स्थान था, क्योंकि इसकी आतंरिक साज-सज्जा बेहद खूबसूरत है।

हवा महल को महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने बनवाया था। इसके वास्तुकार लाल चंद उस्ताद थे। महल का निर्माण चूने, लाल और गुलाबी बलुआ पत्थर से हुआ है। हवा महल की ऊँचाई 50 फीट (15 मीटर) है। इसके शिल्प में हिन्दू राजपूत शिल्प कला और मुगल शैली का एक अनूठा मेल दिखायी देता है। फूल-पत्तियों का आकर्षक काम, गुम्बद और विशाल खम्भे राजपूत शिल्प कला का बेजोड़ उदाहरण हैं,  तो पत्थर पर की गयी मुगल शैली का नमूना है।

हवा महल अनेक अर्द्ध अष्टभुजाकार झरोखों को समेटे हुए है, जो इसे दुनिया भर में बेमिसाल बनाते हैं। इमारत के पीछे की ओर के भीतरी भाग में अलग-अलग आवश्यकताओं के अनुसार कमरे बने हुए हैं, जिनका निर्माण बहुत कम अलंकरण वाले खम्भों व गलियारों के साथ किया गया है और ये भवन की शीर्ष मन्जिल तक इसी प्रकार हैं।

खुलने का समय 

हवा महल सुबह 9.00 बजे से शाम 4.30 बजे तक खुला रहता। यह पुराने जयपुर के प्रसिद्ध जौहरी बाजार के पास स्थित है। यहाँ पहुँचने के लिए निकटम मेट्रो रेल का स्टेशन चाँद पोल है। आप चाँद पोल से टहलते हुए गुलाबी शहर का नाजारा लेते हुए हवा महल तक पहुँच सकते हैं। 

(देश मंथन, 17 अगस्त 2015)

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें