कांगड़ा का स्वाद – लुंगडू का अचार

0
575

विद्युत प्रकाश मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार :

जब भी मैं हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा की वादियों में जाता हूँ तो अचार और चायपत्ती जरूर लाने की कोशिश करता हूँ। कांगड़ा के बाँस के अचार का स्वाद सालों से जुबाँ पर है। पर इस बार यहाँ देखने को मिल लुंगड़ू का अचार । दुकानदार ने बताया यह सर्दिंयों के लिए अच्छा है। सो हमने एक पैकेट खरीद लिया। सर्दियों में बाँस का अचार भी खाना अच्छा रहता है। अब बात लुंगडू की। लुंगडू यानी ( Fiddle head fern)  का अचार कांगड़ा की खास विशेषता है।

अचार के अलावा सब्जी भी

वैसे लुंगडू की अचार के अलावा सब्जी भी बनती है। सब्जियों में इसके पत्तों को खाया जाता है। उबालने के बाद इसे साग के तौर पर भी खाने की थाली में शामिल किया जाता है। सिक्किम, असम और मणिपुर के होटलों की थाली में यह आपको खाने में मिल जाएगी। 

यह प्रकृति से एंटीआक्सीडेंट होता है। इसमें ओमेगा 3 और ओमेगा 6 प्रचूर मात्रा में मिलता है। यह आयरन और फाइबर का बड़ा स्रोत है। हरे रंग का इसका पौधा देखने में वायलिन सरीखा होता है। इसकी खेती आमतौर पर वसंत के मौसम में की जाती है। यह ठंडे प्रदेशों में ही होता है। वैसे तो यह दुनिया के कई हिस्सों मिलता है। पर भारत में यह कांगड़ा की वादियों में मिल सकता है। कांगड़ा में इसे लुंगडू कहते हैं। पर इसकी खेती देश में हिमायलयी राज्यों में ही होती है। 

अलग-अलग नाम 

कांगड़ा यह लुंगड़ू का लिंगड़ी उत्तराखंड में लंगुड़ा हो जाता है। वहीं दार्जिलिंग और सिक्किम क्षेत्र में इसे नियुरो कहते हैं। यहाँ लोग इसकी सब्जी बना कर चाव से खाते हैं। असम में इसे धेकिया झाक कहते हैं। वहीं जम्मू कश्मीर में इस कसरोड कहते हैं।

डोगरा लोग भी कसरोड का अचार बना कर सालों भर खाते हैं। वहीं सब्जी बना कर रोटी और पराठा के साथ भी खाते हैं। दुनिया के कई देशों में अलग-अलग नाम से यह रसोई का हिस्सा है। वैसे कच्चा लुंगडू तीखापन या कसैलापन लिए होता है। इसे उबालने पर इसका कसैलापन दूर हो जाता है। 

कई रोगों में लाभकारी

वैज्ञानिक शोध में पता चला है कि पहाड़ी नदी नालों में आसानी से पाई जाने वाली जैविक पौध लुंगड़ू मधुमेह और चर्म रोग में काफी लाभकारी है। लुंगडू को आप जंगली पालक भी कह सकते हैं। हिमालय में लुंगड़ू की कुल 1200 प्रजातियों का पता चला है। हिमालयन जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (आइएचबीटी) पालमपुर के वैज्ञानिकों ने लुंगडू पर शोध किया है।

(देश मंथन, 01 मार्च 2016)

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें