रोज गार्डन चंडीगढ़ – फूल खिले हैं गुलशन-गुलशन

0
401

विद्युत प्रकाश मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार : 

चंडीगढ़ शहर रॉक गार्डेन के अलावा रोज गार्डेन यानी गुलाबों के उद्यान के लिए भी जाना जाता है। गुलाबों का ये उद्यान चंडीगढ़ बस स्टैंड से थोड़ी दूरी पर ही सेक्टर-16 में स्थित है। खासकर वसंत के मौसम में यहाँ गुलाबों की क्यारियाँ जन्नत सा नजारा पेश करती हैं।

रोज गार्डेन का नाम भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर जाकिर हुसैन के नाम पर जाकिर हुसैन रोज गार्डेन रखा गया है। इस उद्यान का निर्माण 1967 में कराया गया। यह सिटी ब्यूटीफूल की खूबसूरती में चार चाँद लगाता है। यह एशिया का सबसे बड़ा गुलाबों का उद्यान माना जाता है। यहाँ पर गुलाब की 1600 से ज्यादा वेराइटी मौजूद है। यहाँ गुलाब के 17 हजार से ज्यादा पौधे लगाये गये हैं। आप देखते-देखते और गिनते-गिनते थक जाएँगे। पर वेराइटी खत्म होने का नाम नहीं लेगी। 

ये उद्यान 27 एकड़ में फैला हुआ है। गुलाब उद्यान में कई प्राचीन किस्म के बड़े पेड़ भी हैं। उद्यान में कई औषधि महत्व वाले दरख्त भी लगाये गये हैं। हर साल फरवरी महीने में रोज गार्डन में उत्सव मनाया जाता है। तब वसंत की मादकता के साथ लाल गुलाब की सुंदरता चरम पर होती है। इस मौके पर आने वाले युवा उद्यान का सौंदर्य और बढ़ा देते हैं। उद्यान में आप गुलाब की कई ऐसी दुर्लभ किस्में भी देख सकते हैं जो आपने अभी तक नहीं देखी हों। अगर आप चंडीगढ़ जाएँ तो थोड़ा वक्त फूलों के साथ गुजारने के लिए भी जरूर निकालें। किसी शायर ने कहा है-

जिन्दगी है बहार फूलों की…दास्ताँ बेशुमार फूलों की…

तुम क्या आये तसवुर में..आई खूशबु हजार फूलों की

चंडीगढ़ का बस स्टैंड 

देश के जितने भी बस स्टैंड मैंने देखे है उनमें चंडीगढ़ का बस स्टैंड काफी बेहतर है। कैंपस में रेस्टोरेंट, होटल, दुकानें, सैलून, टायलेट, पार्किंग सब कुछ। अब हालाँकि देश के कुछ और शहरों के बस स्टैंड बेहतर बनाये गये हैं। पर चंडीगढ़ का बस स्डैंड काफी पहले से बेहतर है। पहली बार 1993 में चंडीगढ़ यात्रा में मैंने इस बस स्टैंड को देखा था। यहाँ से हरियाणा, हिमाचल और पंजाब के हर शहर के लिए बसें मिलती हैं। यहाँ आप बड़े आराम से इंतजार के कुछ घंटे गुजार सकते हैं।

कहाँ ठहरें 

सिटी ब्यूटीफुल में वैसे तो ठहरने के लिए तमाम विकल्प हैं। पर अगर आप सस्ते मे ठहरना चाहते हैं तो सूद धर्मशाला से अच्छी कोई जगह नहीं है। सूद धर्मशाला कहने को धर्मशाला है पर यहाँ पर फेमिली रूम कूलर वाले कमरे और एसी रूम भी मौजूद है। यहाँ हमेशा हाउसफुल जैसी स्थिति रहती है। हालाँकि कोई एडवांस बुकिंग नहीं होती। धर्मशाला में नीचे एक अच्छा भोजनालय भी है। सूद धर्मशाला सेक्टर-22 में स्थित है।

(देश मंथन, 10 अगस्त 2015)

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें