धन धान्य की देवी माता शाकंभरी

0
285

विद्युत प्रकाश मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार :

नौ देवियों में से एक हैं माँ शाकंभरी देवी। कल-कल छल-छल बहती नदी की जल धारा ऊँचे पहाड़ और जंगलों के बीच विराजती हैं माता शाकंभरी। कहा जाता है शाकंभरी देवी लोगों को धन धान्य का आशीर्वाद देती हैं। इनकी अराधना करने वालों का घर हमेशा शाक यानी अन्न के भंडार से भरा रहता है। 

जंगलों में बसती हैं माँ

शाकंभरी देवी के बस स्टाप से मंदिर के लिए एक किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करना पड़ता है। माँ का मंदिर शिवालिक पर्वतमाला के घने जंगल में नदी के किनारे है। मंदिर तक पहुँचने के लिए शाकंभरी नदी से हो कर रास्ता जाता है। थोड़ा रास्ता जंगल से हो कर भी है। पथरीली राहों के साथ ही बरसात के दिनों में नदी में पानी भी रहता है। पहाड़ों पर तेज बारिश होने पर नदी में पानी बढ़ जाता है। तब मंदिर जाना मुश्किल है। हालाँकि कुछ घंटों में पानी तेजी से कम भी हो जाता है। नदी में पानी नहीं होने पर लोग अपने निजी वाहनों से बाइक और बड़ी जीपों को नदी से निकालते हुए मंदिर पहुँच जाते हैं। 

शाकंभरी देवी के मंदिर में भक्तों के आने का सिलसिला सालों भर लगा रहता है। लेकिन शरद और चैत्र नवरात्र में खासी भीड़ उमड़ती है। मंदिर का पास मेले लगते हैं। प्रशासन भी खास इंतजाम करता है। लेकिन बरसात के दिनों में माता शाकंभरी के मंदिर के पास नदी में पानी आ जाता है। इसलिए बरसात में दर्शन करने वालों को थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए।

माता शाकंभरी के मंदिर के पास प्रसाद की दुकानें और खाने-पीने से स्टाल हैं। मंदिर पास रहने के लिए आश्रम भी है। अगर मंदिर पहुँचने में शाम हो जाए और लौटना मुश्किल हो तो वहीं रूका जा सकता है। मंदिर के पास एक संस्कृत स्कूल और जिला प्रशासन का बनवाया गया रैन बसेरा भी है।

शाम को 5.45 बजे के बाद माता शाकंभरी से वापस आने के लिए बसें नहीं मिलतीं। ऐसी हालत में आपको मंदिर के पास ही रूकना पड़ेगा। मंदिर के आसपास बिल्कुल प्राकृतिक वातावरण है। कई मोबाइल कंपनियों का नेटवर्क भी नहीं मिलता। सहारनपुर से शाकंभरी देवी तक जाने का रास्ता बड़ा ही मनोरम है। माँ की कृपा इलाके में प्रकृति पर खूब बरसी है। रास्ते में खूब हरियाली दिखाई देती है। आम के बड़े-बड़े बाग हैं। यहाँ से आप सहारनपुर के प्रसिद्ध चौसा आम खरीद सकते हैं।

कैसे पहुँचें

शाकंभरी देवी का मंदिर यूपी में सहारनपुर शहर से 42 किलोमीटर की दूरी पर है। नजदीकी कस्बा बेहट से शाकंभरी देवी का मंदिर 15 किलोमीटर की दूरी पर है। आप देश के किसी भी कोने से सहरानपुर रेल या बस द्वारा पहुँच सकते हैं। सहारनपुर में बेहट अड्डे से शाकंभरी देवी के लिए बसें हर थोड़ी देर पर मिलती हैं। 42 किलोमीटर का रास्ता तकरीबन डेढ घंटे का है।अगर आप परिवार के साथ या समूह में हैं तो सहारनपुर से टैक्सी बुक करके भी शाकुंभरी देवी के मंदिर जा सकते हैं।

(देश मंथन 30 अप्रैल 2016)

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें