उन्हें भारत से नफरत क्यों है?

0
689

संजय द्विवेदी, अध्यक्ष, जनसंचार विभाग, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय :

यह समझना मुश्किल है कि संस्कृत का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से क्या लेना-देना है, किंतु संस्कृत का विरोध इसी नाम पर हो रहा है कि संघ परिवार उसे कुछ लोगों पर थोपना चाहता है।

इसी तरह धर्मांतरण की किसी घटना से भाजपा या उसकी दिल्ली में बैठी सरकार का क्या रिश्ता हो सकता है? सरकार अगर धर्मांतरण के खिलाफ कड़े कानून की बात करे तो भी हंगामा है। मीडिया ऐसी खबरों को सनसनी देने में माहिर है। बिना बात के सवालों पर संसद और देश की जनता का दोनों का वक्त खराब करने में भी मीडिया आगे है। निरंजन ज्योति कोई पहली और आखिरी नेता नहीं हैं, जिनकी जुबान फिसली हो। हमारे देश में मुलायम सिंह, मायावती, लालू प्रसाद, आजम खान, ओवैसी से लेकर हर दल में ऐसे नेताओं की एक लंबी श्रृखंला है जिनकी जुबान फिसल-फिसल पड़ती है। किंतु निरंजन ज्योति ने क्योंकि भगवा पहन रखा है और वे भाजपा से आती हैं, इसलिए उनके पीछे जमाने का पड़ जाना स्वाभाविक है। यही सेक्युलर राजनीति है और यही भारत विरोध है।

देशतोड़कों से प्यार, देशभक्तों को दुत्कार

आप देखें तो कुछ लोग हर उस चीज के खिलाफ हैं जिसका रिश्ता भारत से जुड़ता हो। जो अरूंधती राय की बदजुबानियों के साथ खडे हैं, जिन्हें कश्मीर के पाक-प्रेरित अलगाववादियों से मंच साझा करने में गुरेज नहीं है, जो देशतोड़क माओवादी आतंकवादियों के प्रति भी उदार हैं, वे ही संस्कृत, हिंदी, हिंदू समाज और भारतीयता के किसी भी प्रतीक के खिलाफ हैं। किसी भी लोकतंत्र में रहते हुए ऐसी वैचारिक छूआछूत और असहिष्णुता की छूट नहीं दी जा सकती। संस्कृत भाषा इस देश की भाषा है। उसकी जर्मन से क्या तुलना? हमारा समूचा साहित्य, वांग्मय और दर्शन इसी भाषा में समाया हुया है। सही मायने में वह एक लोकप्रिय भाषा भले न हो, किंतु बेहद वैज्ञानिक और भारत को समझने की खिड़की जरूर है।

भारत की भाषाओं के खिलाफ इस प्रकार की सोच क्यों है? क्या भारतीय भाषाएँ अपनी ही जमीन पर अपमानित होने के लिए हैं? अंग्रेजी के खिलाफ आपकी सोच इतनी आक्रामक क्यों नहीं है? क्यों एक ऐसे देश का राज और अदालतें एक ऐसी भाषा में चलती हैं, जिसे देश के ज्यादातर लोग नहीं समझते? किंतु अंग्रेजी साम्राज्यवाद को बचाये और बनाये रखने के लिए सत्ताएँ अंग्रेजी को पोषित कर रही हैं। अंग्रेजी के खिलाफ जिनके बोल नहीं फूटते, वे संस्कृत और हिंदी के खिलाफ तलवारें भाँजने का कोई अवसर नहीं चूकते।

आखिर यह किस तरह का भारत हम बना रहे हैं, जहाँ अपनी विरासतों के प्रति भी हममें संदेह जगाया जा रहा है। अयोध्या में रामजन्मभूमि से लेकर तमाम ऐसे सवाल हैं, जो बताते हैं कि हम दरअसल अपनी विरासतों, पुरखों और मानविंदुओं पर भी अदालती फरमानों के इंतजार में हैं। 

माटी के प्रति कम होता मोह 

अदालतें हमें बता रही हैं कि हमारा इतिहास क्या है। वे हमें बतायेंगीं कि बाबर कौन है और राम कौन हैं। कितना अच्छा होता कि हमारी राजनीति और समाज इतना वयस्क होता कि वह स्वयं आकर समस्याओं के समाधान में सहायक बनता। आखिर क्यों अयोध्या के हाशिम अंसारी जब रामलला पर चिंता जताते हैं तो कई खेमों की नींद हराम हो जाती है? इसमें क्यों कुछ लोगों और दलों को अपनी राजनीतिक दुकान उजड़ने का खतरा दिखता है। देश में समस्याएँ बहुत हैं, किंतु ज्यादातर हमने स्वयं पैदा की हैं। अपने देश और उसकी माटी के प्रति कम होते प्यार और राष्ट्रीयता की क्षीण हो रही भावनाओं से हम गलत मार्ग पर चले जाते हैं।

यह साधारण नहीं है कि हमारे वतन में पैदा हो रही पौध किसी धार्मिक अतिवादी संगठन के आह्वान पर किसी दूसरे देश की जमीन पर जाकर जंग में शामिल हो जाती है। यानी आप माने न मानें, हमारा राष्ट्रवाद पराजित हो रहा है, वह विचलित हो रहा है। अतिवादी विचार युवाओं को इतना आकर्षित कर रहे हैं कि वे अपनी माटी को छोड़ कर कथित जेहाद में शामिल हो जाते हैं। ये हालात बताते हैं कि हमने आजादी के बाद अपनी भारतीयता को, अपनी राष्ट्रीय चेतना को कमजोर किया है। आज हमारे देश में वंदेमातरम् गाने और न गाने को लेकर, राम जन्मभूमि को लेकर, संस्कृत को लेकर, गौहत्या को लेकर, राष्ट्रभाषा हिंदी को लेकर, कश्मीर को लेकर, जातियों और पंथों को लेकर अनेक विवाद हैं।

किसी मुद्दे पर तो एकमत हो जाइये 

किसी भी राष्ट्रीय सवाल पर पूरा देश एकमत नहीं है। यह हमारी बहुत बड़ी कमजोरी है। क्या इसी तरह खंड-खंड होकर हम इस देश को अखंड बनायेंगे? क्या टुकड़ों में बँटी सोच, बाँटने की राजनीति हमें एक समर्थ देश के रूप में स्थापित होने देगी? क्या राजनीति का यह रूप हमारी राष्ट्रीय भावना के लिए चुनौती नहीं है? आखिर हम कब समग्रता में सोचना और विविधता का सम्मान करना सीखेंगे। हमारी भाषाएँ हमारी माताओं की तरह पूज्य हैं। किंतु हम भाषा की राजनीति में ऐसे उलझे हैं कि अपनी माताओं को अपमानित करते हुए एक विदेशी भाषा पर पूरी तरह अवलंबित हो गये हैं। इस चित्र में हाल-फिलहाल कोई बदलाव आने की संभावना भी नहीं दिखती।

एक भारत बना हुआ है तो एक नया भारत बनता हुआ दिखता है। देश की राजनीति और समाज जीवन में एक नया दौर प्रारंभ हो गया है। उसे भटकाने के लिए, मुद्दों से अलग करने के लिए तमाम ताकतें नये सिरे से लगी हैं। उन्हें एक भारत – समर्थ भारत पसंद नहीं है। वे आपस में लड़ता हुआ, टूटता हुआ, कमजोर भारत चाहती हैं। वे चाहती हैं कि भारतीयता अपमानित हो और दुनिया हम पर हँसे। किंतु उनके सपने थक रहे हैं, वे चूक रहे हैं। भारत से भारत का परिचय हो रहा है। वह एक नये सपने की दौड़ लगा रहा है। वह मानवता को सुखी करने और दुनिया को शांति-सद्भाव का पाठ पढ़ाने की अपनी विरासत की ओर देख रहा है। भारत को पता है कि वही है जो सह-अस्तित्व के मायने जानता है। वह अकेला है, जिसका मंत्र ‘वसुधैव कुटुंबकम’ है। वही है जो कह सकता है कि ‘सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामयाः’। वही है जो कहता है ‘मैं ही नहीं तू भी’। यह तिरस्कार का नहीं, स्वीकार का दर्शन है। पीड़ित मानवता को सुखी बनाने का दर्शन है। इसलिए दुनिया के सामने भारतीय एक तेजोमय विकल्प बन कर उभर रहा है।

सच होंगें विवेकानंद के सपने

भारत का समाज, उसकी संस्कृति और परिवार व्यवस्था आज दुनिया के सामने एक सार्थक जीवन के विकल्प के रूप में दिखते हैं। अपनी विरासतों और अपने साहित्य पर गर्व करता यह समाज अनेक कमजोरियों से घिरा है। वह विस्मृतियों के लोक में है। वह भूल चुका था कि वह क्या है। आज फिर भारत खुद को याद कर रहा है, अपना पुर्नस्मरण कर रहा है। अपने वैभव को पुनः पाने को आतुर है। ऐसे समय में विरोधी ताकतें हताशा में हैं। वे ऐसा होते हुए देखना नहीं चाहतीं। उन्हें लग रहा है कि उनके सतत प्रयासों और षड़यंत्रों के बावजूद आखिर क्या हो रहा है।

क्या महर्षि अरविंद, स्वामी विवेकानंद के वचन सत्य होने वाले हैं? अगर हो जायें तो आखिर आप कहाँ जायेंगें? किंतु घबराइये मत, इस भारत में आप अपनी व्यापक असहमतियों के बावजूद भी सुरक्षित हैं। यही विचार है जो विरोधी को समाप्त करने में नहीं, उसे साथ लेने के लिए, संवाद करने के लिए आतुर है। ऐसे समय में भारत से भारत का परिचय हो रहा है तो होने दीजिये… बाधक मत बनिये, क्योंकि यह परिर्वतन तो होगा। आप नहीं चाहेंगें तो भी होगा।

(देश मंथन, 17 दिसंबर 2014)

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें