स्पंज डोसा का स्वाद अलबेला

0
474

विद्युत प्रकाश मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार :

मसाला डोसा तो आपने कई तरह के खाए होंगे, पर स्पंज डोसा का स्वाद लिया क्या। तो आइए लेते हैं स्पंज डोसा का स्वाद… कहाँ। पुणे में।

वैसे तो दक्षिण भारत में रहते हुए और अलग-अलग राज्यों में घूमते हुए कई तरह के डोसा का स्वाद लिया है। मसाला डोसा, प्लेन डोसा, मैसूर मसाला डोसा, रवा डोसा के अलावा मूँग दाल डोसा। पर इस बार पुणे के रेस्टोरेंट में स्पंज डोसा देखने और खाने को मिला। जैसा की नाम से ही स्पष्ट है कि यह स्पंज जैसा होता है। यह डोसा बनाने की महाराष्ट्रियन तकनीक है। इसमें डोसा को रोटी के आकार का बनाते हैं। पर इसमें मसाला मिला कर इसे लपेटते नहीं है। बल्कि मसाला और चटनी अलग से परोस देते हैं। स्पंज डोसा बनाने का यह तरीका दक्षिण के दावणगिरी से आया है। यह लोकप्रिय तौर पर सुबह और शाम का नास्ता है। इसमें डोसा पेस्ट बना कर इसे तवे पर कम दायरे में फैलाते हैं। यह परंपरागत डोसा की तुलना में थोड़ा मोटा तैयार होता है। खाने में यह नर्म और मुलायम रहता है।

पुणे के बंद गार्डन रोड पर बंद गार्डन के पास स्थित छोटे से बाजार में स्पंज डोसा बनता हुआ देखा। रेस्टोरेंट का नाम था पुणेरी काटा। यहाँ लिखा था दावणगिरी लोणी का मशहूर स्पंज डोसा। सो हमारी भी इच्छा हुई इस डोसा को चखने की। यह तो भोजपुरी इलाके में गाँव में बनने वाले ढकनेसर की तरह है।

मानो यह चावल की रोटी है जो तवे पर बनायी गयी है। पर यहाँ इसका नाम दिया गया है स्पंज डोसा। खैर नाम जो भी हो खाने में स्वाद तो आता है। और दाम । तो जनाब ये मिल रहा है 30 रुपये की प्लेट। और एक प्लेट में हैं तीन स्पंज डोसा। आप एक प्लेट लेकर खा लो तो आपका पेट भर जाए। तो कभी पुणे की तरफ पहुँचे तो जरूर स्पंज डोसा का स्वाद लें। दुकान के प्रोपराइट हैं शैलेश। वे प्लेन स्पंज डोसा के अलावा स्पंज ओनियन डोसा, स्पंज ओनियन टोमैटो डोसा,  स्पंज टोमाटो डोसा भी बनाते हैं। एक और वेराइटी है स्पंज काकटेल डोसा। सबका स्वाद लेकर देखिए ना।

(देश मंथन  15 अप्रैल 2016)

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें